गाजीपुर नहीं, बीकानेर की प्रियंका ने गाड़ा UPSC में झंडा: 79वीं रैंक पर फैला भ्रम हुआ दूर

बीकानेर: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा-2025 के परिणामों में 79वीं रैंक को लेकर चल रहा संशय अब पूरी तरह समाप्त हो गया है। मेरिट क्रमांक 79 पर चयनित अभ्यर्थी राजस्थान के बीकानेर की प्रियंका चौधरी हैं। नाम समान होने के कारण उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की एक अन्य प्रियंका चौधरी के परिवार ने भी इस सफलता का दावा कर दिया था, जिससे कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति बन गई थी।

ऐसे शुरू हुआ भ्रम:

UPSC का रिजल्ट आने के बाद गाजीपुर के गौरा खास गांव में जश्न शुरू हो गया था। वहां रहने वाली प्रियंका के पिता, जो एक ड्राइवर हैं, भावुक हो गए थे और गांव में मिठाइयां बांटी जाने लगी थीं। हालांकि, बाद में स्पष्ट हुआ कि AIR 79 पर बीकानेर की प्रियंका चौधरी का चयन हुआ है। उत्तर प्रदेश की प्रियंका ने भी बाद में स्वयं स्पष्ट कर दिया कि उनका चयन इस रैंक पर नहीं हुआ है।

आईआईटी रुड़की से की है पढ़ाई:

बीकानेर की प्रियंका ने आईआईटी रुड़की से जियोफिजिकल टेक्नोलॉजी में मास्टर्स किया है। उनके पिता शंकरलाल सहारण बीकानेर में पेट्रोल पंप और कार एजेंसी का संचालन करते हैं। प्रियंका ने बताया कि यह उनका पांचवां प्रयास था। 2020 से शुरू हुए इस सफर में वे दो बार इंटरव्यू तक पहुंचीं, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाया था। 2023 की असफलता के बाद उन्होंने हार नहीं मानी और 2025 में टॉप 100 में जगह बनाकर अपना सपना पूरा किया।

परिवार में शिक्षा का माहौल:

प्रियंका के पति 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में जिला कलेक्टर (DC) के पद पर तैनात हैं। प्रियंका की छोटी बहन एमबीबीएस कर रही हैं और भाई इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। प्रियंका की इस सफलता से पूरे बीकानेर में हर्ष का माहौल है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। आज की राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारतदुनिया की हर बड़ी खबर!

Share This Article