नागौर: राजस्थान के नागौर जिले से एक बेहद दिलचस्प और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) मृदुल कच्छावा ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के कई मामलों में वांछित एक शातिर अपराधी अर्जुनराम बिश्नोई पर मात्र 25 पैसे का नकद पुरस्कार घोषित किया है। आमतौर पर अपराधियों पर हजारों और लाखों के इनाम घोषित किए जाते हैं, लेकिन नागौर पुलिस का यह कदम अपराधी को समाज में शर्मिंदा करने और मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
तीन थानों की पुलिस को है तलाश:
पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, आरोपी अर्जुनराम (निवासी रोठू, थाना जायल) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। इसमें जायल थाने के दो मामले और कुचेरा थाने का एक मामला शामिल है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। 11 मार्च 2026 को जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जो कोई भी इस अपराधी को गिरफ्तार करवाएगा या सूचना देगा, उसे 25 पैसे का ‘पुरस्कार’ दिया जाएगा और उसका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय:
SP द्वारा हस्ताक्षरित यह आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग पुलिस की इस अनूठी पहल पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जानकारों का मानना है कि इतनी कम राशि का इनाम घोषित कर पुलिस अपराधी की ‘वैल्यू’ को कम करना चाहती है ताकि उसे अपनी हरकत पर ग्लानि महसूस हो। अब देखना यह है कि 25 पैसे का यह ‘भारी-भरकम’ इनाम आरोपी को जेल की सलाखों के पीछे पहुँचाने में कितना मददगार साबित होता है।
