ऑपरेशन शिकंजा: करौली पुलिस का अब तक का सबसे बड़ा प्रहार, एक ही दिन में 108 अपराधी गिरफ्तार

अपराधियों में हड़कंप: 66 टीमों ने 358 ठिकानों पर दी एक साथ दबिश | खनन माफिया से लेकर इनामी बदमाश तक, सब हुए पुलिस के पिंजरे में कैद

करौली। करौली पुलिस ने जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने एक दिवसीय सघन ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान चलाकर पूरे जिले में ताबड़तोड़ छापेमारी की, जिससे आपराधिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक (IG) जयपुर और भरतपुर रेंज, कैलाशचंद्र विश्नोई के निर्देशन में ‘ऑपरेशन शिकंजा’ और एरिया डोमिनेशन के तहत इस महा-अभियान को अंजाम दिया गया।

66 टीमें, 358 ठिकाने और 108 गिरफ्तारियां

एसपी सोनवाल ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले भर में पुलिस की 66 विशेष टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों ने एक साथ 358 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर कुल 108 अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

गिरफ्तार किए गए अपराधियों का विस्तृत ब्योरा:

  • 14 इनामी बदमाश
  • 5 जघन्य मामलों में वांछित अपराधी
  • 13 स्थाई वारंटी
  • 19 गिरफ्तारी वारंटी
  • 11 सामान्य मामलों में वांछित आरोपी
  • 15 अन्य अधिनियम के आरोपी
  • 31 आरोपियों को विभिन्न अन्य मामलों में गिरफ्तार किया गया।

हथियार, शराब और अवैध खनन पर भी करारा वार

पुलिस ने न केवल बदमाशों को पकड़ा, बल्कि अवैध कारोबार की कमर भी तोड़ी है:

  • आबकारी (शराब): 5 मामले दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से अवैध देशी शराब के 217 पब्बे जब्त किए गए।
  • आर्म्स एक्ट (हथियार): दो मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई में एक अवैध देशी कट्टा (12 बोर) और एक पौना (315 बोर) बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
  • अवैध खनन: खनन माफिया पर कार्रवाई करते हुए दो मामले दर्ज किए गए। मौके से 6 टन पत्थर और 10 टन अवैध बजरी के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
  • एनडीपीएस: सपोटरा पुलिस ने दो स्मैक तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

सपोटरा पुलिस: नशे के सौदागरों की कमर तोड़ी, बारां से दबोचा इनामी

सपोटरा। थानाधिकारी अबजीत कुमार के नेतृत्व में सपोटरा पुलिस ने ‘ऑपरेशन शिकंजा’ के तहत नशा तस्करों और वारंटियों पर बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देश पर नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

  1. स्मैक तस्कर गिरफ्तार: पुलिस टीम ने इलाके के ‘निशाना की पुलिया’ के पास से तस्कर धरमीलाल माली (निवासी रामठरा) को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.14 मिलीग्राम अवैध स्मैक जब्त की गई। पुलिस आरोपी से स्मैक की खरीद-फरोख्त की जानकारी जुटा रही है।
  2. बारां से पकड़ा इनामी: सपोटरा पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी राजेंद्र को पकड़ने के लिए बारां जिले के देवरी इलाके में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।
  3. तीन वारंटी भी धरे गए: सपोटरा न्यायालय में वांछित तीन वारंटियों को भी पुलिस ने अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया:
    • स्थाई वारंटी मानसिंह मीना (निवासी बड़ावास बालाहेड़ा, महुआ) को उसके घर से।
    • वारंटी हरिओम मीना (निवासी हिंगोटा, थाना बैजूपाड़ा, जिला दौसा) को गांव डेरोली से।
    • गिरफ्तारी वारंटी दिनेश मीना (निवासी पीलोदापुरा, सपोटरा) को उसके घर पर दबिश देकर पकड़ा गया।

कुड़गांव पुलिस: अवैध हथियार के साथ नाबालिग निरुद्ध, महिला वारंटी गिरफ्तार

कुड़गांव। थानाधिकारी मंजू फौजदार के नेतृत्व में कुड़गांव पुलिस ने भी एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत तीन महत्वपूर्ण कार्रवाइयों को अंजाम दिया।

  1. कट्टे के साथ नाबालिग: अभियान के तहत रूण्डी गांव के रास्ते पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को निरुद्ध किया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा (12 बोर) बरामद हुआ।
  2. वारंटी गिरफ्तार: पुलिस टीम ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर दो गिरफ्तारी वारंटियों को दबोचा। न्यायालय करौली की पालना में वारंटी हेमराज मीना (निवासी खूबपुरा) को उसके गांव से गिरफ्तार किया गया।
  3. महिला वारंटी: एक अन्य कार्रवाई में महिला वारंटी विजय बाई (निवासी खिरखिड़ा) को भी गिरफ्तार किया गया है।

थानाधिकारी मंजू फौजदार ने बताया कि कुड़गांव थाने की इन ताबड़तोड़ कार्रवाइयों में कांस्टेबल गणेश की भूमिका मुख्य और सराहनीय रही है। पुलिस की इस एकमुश्त कार्रवाई से क्षेत्र के बदमाशों में भय का माहौल है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। आज की राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारतदुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले आपके मोबाइल पर पढ़ें! English News

Share This Article