राजस्थान की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI-A) के सुप्रीमो और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने सोमवार, 3 अगस्त 2026 को जयपुर में ऐलान किया कि उनकी पार्टी राजस्थान में होने वाले आगामी निकाय चुनावों में उतरेगी। अठावले ने स्पष्ट किया कि RPI-A राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का हिस्सा है और चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है।
जयपुर के सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत करते हुए अठावले ने बताया कि प्रदेश के 35 जिलों में RPI (A) की कार्यकारिणी का गठन हो चुका है और शेष जिलों में भी जल्द ही काम पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास रखती है और जहां संगठन मजबूत होगा, वहां अपने उम्मीदवार उतारेगी।
बीजेपी के साथ मिलकर तय करेंगे सीटें
अठावले ने बताया कि निकाय चुनावों को लेकर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और अन्य नेताओं के साथ चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा, “चूंकि RPI का बीजेपी के साथ गठबंधन है, ऐसे में पार्टी के नेता यह तय करेंगे कि कहां-कहां पर बीजेपी प्रत्याशी का समर्थन करना है और किन सीटों पर RPI अपने स्वतंत्र प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारेगी।” अठावले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने उन्हें कार्य करने का बड़ा अवसर दिया है और भविष्य में भी केंद्र में NDA की सरकार बनेगी।
इस दौरान उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए हालिया विरोध प्रदर्शनों और राजस्थान में पेपर लीक जैसे मुद्दों पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं का सरकार समर्थन नहीं करती और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। अठावले का यह राजस्थान दौरा और निकाय चुनाव लड़ने का ऐलान प्रदेश में RPI के जनाधार को बढ़ाने की एक बड़ी कोशिश मानी जा रही है।