स्पा सेंटर की आड़ में फरारी और अवैध हथियारों का कारोबार; मालवीय नगर छेड़छाड़ मामले के आरोपी का बड़ा खुलासा।

Desk

जयपुर। मध्यप्रदेश का आदतन अपराधी राहुल घुरैया उर्फ राज जयपुर में न सिर्फ फरारी काट रहा था, बल्कि अपना आपराधिक नेटवर्क भी मजबूती से फैला रहा था। मालवीय नगर सेक्टर 9 (जवाहर सर्कल थाना) में एक राहगीर गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के मामले ने इस खूंखार बदमाश के काले कारनामों की परतें खोल दी हैं।

पाकिस्तान से AK-47 मंगवाने की थी योजना

पूछताछ में सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ कि राहुल AK-47 लेना चाहता था और इसके लिए वह पाकिस्तान की एक वेबसाइट के संपर्क में था। सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों के साथ फोटो अपलोड करने के कारण मध्यप्रदेश पुलिस उसके पीछे लगी थी, जिससे बचने के लिए वह जयपुर आ गया था।

2.5 साल से जयपुर में सक्रिय, पर पुलिस बेखबर

आरोपी राहुल पिछले ढाई साल से जयपुर में नाम बदलकर रह रहा था। उसने यहाँ के स्पा सेंटरों में काम किया और किराए के मकान में रहा, लेकिन जयपुर पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। उसके रहने और काम की व्यवस्था स्थानीय बदमाशों ने ही की थी। राहुल ने सांगानेर और प्रतापनगर के कई बदमाशों से संपर्क बना रखे थे और उन्हें अवैध हथियार भी उपलब्ध करवाए थे।

पुलिस की लापरवाही और वीडियो का असर

गौरतलब है कि जब आरोपी ने गर्भवती महिला से छेड़छाड़ की थी, तब पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दी थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय रफा-दफा कर दिया। हालांकि, जब छेड़छाड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और पुलिस की भारी लापरवाही उजागर हुई, तब जाकर पुलिस हरकत में आई। पुलिस के दबाव के बीच आरोपी ने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया, जहाँ से जवाहर सर्कल थाना पुलिस उसे गिरफ्तार करके जयपुर लाई।

हथियारों का नेटवर्क और गिरफ्तारियां

राहुल की निशानदेही पर पुलिस ने प्रतापनगर के एक अपराधी से अवैध पिस्टल बरामद की है। जाँच में सामने आया कि राहुल ने स्पा सेंटर संचालक बाबूलाल बराला को भी अवैध पिस्टल दी थी, जिसका खुद का भी आपराधिक रिकॉर्ड है। राहुल के एक अन्य साथी छोटा राज (मध्यप्रदेश निवासी) से भी प्रतापनगर में देसी कट्टा बरामद किया गया है।

वेरिफिकेशन नियमों की उड़ी धज्जियां

राहुल को शरण देने के मामले में निवाई (टोंक) निवासी शुभम अग्रवाल उर्फ सिद्धार्थ और पीपलू निवासी बाबूलाल बराला को गिरफ्तार किया गया है। ये दोनों जयपुर में स्पा सेंटर चला रहे थे, लेकिन पुलिस ने कभी इनका वेरिफिकेशन नहीं किया। जिस प्रॉपर्टी में स्पा सेंटर चल रहे थे, उसके मालिकों ने भी नियमों को ताक पर रखकर वेरिफिकेशन नहीं करवाया। आरोपी राहुल के विरुद्ध अब तक कुल 17 आपराधिक मामले सामने आ चुके हैं।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article