नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वार्षिक और सबसे प्रमुख आयोजन ‘श्री विजयादशमी उत्सव’ को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। नागपुर महानगर संघ की ओर से जारी आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 20 अक्टूबर 2026 (मंगलवार) को संघ के ऐतिहासिक रेशिमबाग मैदान में विजयादशमी उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस वर्ष के उत्सव में ‘दैनिक जागरण’ के प्रधान संपादक संजय गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि कार्यक्रम में मुख्य उद्बोधन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का रहेगा।
रेशिमबाग मैदान में सुबह 7:40 बजे से शुरू होगा उत्सव
नागपुर महानगर संघचालक राजेश लोया द्वारा जारी निमंत्रण पत्र के अनुसार, युगाब्द 5128 के तहत आश्विन शुद्ध दशमी पर यह कार्यक्रम प्रातः 7:40 बजे से रेशिमबाग मैदान पर आयोजित किया जाएगा। आयोजन में शामिल होने वाले अतिथियों और स्वयंसेवकों से कार्यक्रम शुरू होने से 10 मिनट पूर्व अपना स्थान ग्रहण करने का आग्रह किया गया है। परंपरा के अनुसार विजयादशमी के दिन संघ का पथ संचलन और शस्त्र पूजन भी आयोजित किया जाता है।
सामूहिक शक्ति जागरण का पर्व है विजयादशमी
निमंत्रण पत्र में विजयादशमी के पावन पर्व के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा गया है कि हिंदू परंपरा में यह दिन ‘सामूहिक शक्ति जागरण’ का प्रतीक है। गौरतलब है कि विजयादशमी का दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए बेहद ऐतिहासिक है, क्योंकि सन् 1925 में विजयादशमी के दिन ही डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने संघ की स्थापना की थी। इसी कारण प्रतिवर्ष नागपुर के रेशिमबाग में आयोजित होने वाला यह स्थापना दिवस समारोह देश-विदेश में चर्चा का केंद्र रहता है।
सरसंघचालक के संबोधन पर टिकी रहेंगी निगाहें
विजयादशमी उत्सव के मंच से आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत का संबोधन हमेशा से राष्ट्रीय और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। संघ प्रमुख अपने इस वार्षिक उद्बोधन में देश की वर्तमान परिस्थितियों, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय सुरक्षा, वैश्विक परिदृश्य और भविष्य की प्राथमिकताओं पर संघ का दृष्टिकोण प्रस्तुत करते हैं। इस बार भी प्रमुख मीडिया समूह के शीर्ष संपादक संजय गुप्ता की उपस्थिति में मोहन भागवत के विचार सुनने के लिए प्रबुद्ध वर्ग और स्वयंसेवकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
RSS Vijayadashami Utsav, Mohan Bhagwat, Sanjay Gupta Dainik Jagran, Reshimbagh Nagpur, RSS Foundation Day, Rajesh Loya, Nagpur News, RSS News