जयपुर। एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती के अवसर पर राजस्थान की राजधानी जयपुर में सप्ताह भर चलने वाले भव्य कार्यक्रमों का आज (20 सितंबर) से आगाज हो गया है। इन कार्यक्रमों की रूपरेखा इस तरह से तैयार की गई है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों और उनके दर्शन को केवल जयपुर या राजस्थान ही नहीं, बल्कि अमेरिका सहित पूरी दुनिया के लोग ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से करीब से जान सकेंगे।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समारोह समिति द्वारा आयोजित इस जयंती सप्ताह के कार्यक्रमों का विधिवत पोस्टर विमोचन शनिवार को जयपुर के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में किया गया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ. रमेश चंद अग्रवाल, समिति के अध्यक्ष प्रो. मोहनलाल छीपा और सचिव प्रतापभानू सिंह शेखावत ने पोस्टर जारी कर इस वैचारिक महाकुंभ की विस्तृत जानकारी साझा की।

आज से आगाज: ‘स्त्री विमर्श’ पर स्मृति ईरानी और दीया कुमारी का मंथन
समिति के सचिव प्रतापभानू सिंह शेखावत ने बताया कि जयंती कार्यक्रमों की श्रृंखला आज, 20 सितंबर से शुरू हो गई है। आज समिति के महिला प्रकोष्ठ द्वारा “एकात्म मानव दर्शन एवं स्त्री विमर्श” विषय पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर रही हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी मुख्य वक्ता के तौर पर अपने विचार रखेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योगपति एवं समाजसेविका अलका पांडे करेंगी और संगीता जांगिड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी।
इसके साथ ही, आज ही के दिन ऑनलाइन माध्यम से “दीनदयाल को जानो प्रतियोगिता” का भी आयोजन हो रहा है, जिससे देश-विदेश के युवा डिजिटल रूप से जुड़कर उनके जीवन को समझ सकेंगे।
जयपुर से लेकर अमेरिका तक गूंजेगा दर्शन: अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी कल से
दीनदयाल जी के विचारों को वैश्विक पटल पर ले जाने के उद्देश्य से 21 और 22 सितंबर 2026 को एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समारोह समिति के संयुक्त तत्वावधान में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय: एकात्म दर्शन और भारतीय ज्ञान परंपरा’ विषय पर आयोजित होने वाली यह संगोष्ठी ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से होगी। इसी हाइब्रिड मॉडल के जरिए जयपुर से लेकर अमेरिका और दुनिया के अन्य हिस्सों के विद्वान इस विमर्श से सीधे जुड़ेंगे। इस संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता प्रज्ञा प्रवाह के राष्ट्रीय संयोजक जे. नंद कुमार होंगे।
धानक्या में लगेगा तीन दिवसीय ‘दीनदयाल मेला’
समिति के उपाध्यक्ष नीरज कुमावत और गजेंद्र ज्ञानपुरिया ने बताया कि 23, 24 और 25 सितंबर को धानक्या स्थित राष्ट्रीय स्मारक स्थल पर तीन दिवसीय भव्य ‘दीनदयाल मेला’ आयोजित किया जाएगा। इस दौरान तीनों दिन कबड्डी और वॉलीबॉल जैसी खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा दीनदयाल जी के जीवन पर आधारित नाटक का मंचन, मेहंदी, रंगोली, चित्रकला प्रतियोगिताएं और किसान चौपाल का भी आयोजन होगा। विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों के कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा। इन तीन दिनों में बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी स्मारक और विभिन्न प्रदर्शनियों का अवलोकन करने पहुंचेंगे।
25 सितंबर को मुख्य समारोह: दत्तात्रेय होसबोले होंगे मुख्य वक्ता
समिति के अध्यक्ष प्रो. मोहनलाल छीपा ने बताया कि जयंती के मुख्य दिन, 25 सितंबर को धानक्या स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय स्मारक पर दोपहर 3:30 बजे एक विशाल स्मृति व्याख्यान होगा। ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय: एकात्म मानवदर्शन एवं भारतीय ज्ञान परंपरा’ विषय पर आयोजित इस मुख्य कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर JECRC विश्वविद्यालय के अध्यक्ष ओ. पी. अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि इनसोलेशन एनर्जी (INA Solar) लिमिटेड के अध्यक्ष व प्रसिद्ध उद्योगपति मनीष गुप्ता इस अहम कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
पुस्तक विमोचन और पद्मश्री विजेताओं का होगा सम्मान
25 सितंबर के मुख्य समारोह में वैचारिक साहित्य का भी विस्तार होगा। इस दौरान “हमने दीनदयाल उपाध्याय को देखा है” और पिछले वर्ष हीरक जयंती के अवसर पर प्रस्तुत किए गए शोध पत्रों से संबंधित एक महत्वपूर्ण पुस्तक का विमोचन किया जाएगा। इसके अलावा, पंडित दीनदयाल जी के विचारों पर शोध करने वाले शोधार्थियों और इस वर्ष (2026) राजस्थान से पद्मश्री पुरस्कार के लिए चयनित विभूतियों को भी मंच से विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
Pandit Deendayal Upadhyay, 110th Birth Anniversary, Jaipur News, RSS, Dattatreya Hosabale, Smriti Irani, Diya Kumari, Ekatma Manavdarshan, Dhankya Memorial, International Seminar
