जयपुर: राजस्थान में शिक्षा विभाग और शिक्षकों के बीच का विवाद गहराता जा रहा है। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) ने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की कार्यप्रणाली, अमर्यादित टिप्पणियों और तबादलों में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ तीखा विरोध जताया है। महासंघ ने शिक्षा मंत्री को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग करते हुए आगामी 26 जुलाई (रविवार) को दोपहर 1:00 बजे जयपुर के बाइस गोदाम सर्किल के नीचे विशाल प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
महासंघ के प्रमुख नेताओं के गंभीर आरोप

महासंघ के प्रमुख महेंद्र सिंह ने कड़े शब्दों में आरोप लगाया कि राजस्थान के 5 लाख से अधिक शिक्षक वर्ग शिक्षा मंत्री के अकर्मण्य और अभद्र आचरण का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री द्वारा शिक्षकों को ‘नकारा-निकम्मा’ कहना, महिला शिक्षकों की पोशाकों पर अमर्यादित टिप्पणियां करना, और हिंसक शब्दों से डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे प्रदेशभर के कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।
वहीं, महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने कहा कि शिक्षकों के अनियंत्रित और अनीतिपूर्ण तबादले किए जा रहे हैं, तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण व पदोन्नतियां रोकी गई हैं, और निरीक्षण के नाम पर स्कूलों में जाकर महिला शिक्षकों के फोन चेक किए जा रहे हैं। इन सभी समस्याओं के चलते शिक्षकों में भारी आक्रोश है। महासंघ के संरक्षक सियाराम शर्मा और प्रदेश सलाहकार शशिभूषण शर्मा ने भी संयुक्त रूप से मांग की है कि शिक्षकों को राहत देने के लिए शिक्षा मंत्री से तुरंत इस्तीफा लिया जाना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मंत्री को बर्खास्त करने की मांग की जाएगी। प्रदेश महामंत्री विपिन प्रकाश शर्मा ने बताया कि मुख्य प्रदर्शन से ठीक पहले महासंघ की प्रांतीय बैठक भी आयोजित की जाएगी, जिसमें महासंघ के आगामी चुनाव कार्यक्रमों की तारीखों की घोषणा की जाएगी।