JJM महाघोटाला: रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल को 14 दिन के लिए भेजा जेल

Desk

राजस्थान के बहुचर्चित ₹960 करोड़ के जेजेएम (जल जीवन मिशन) घोटाले में गिरफ्तार रिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल की आज एक बार फिर एसीबी कोर्ट में पेशी हुई। कोर्ट ने मामले की गंभीरता और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुबोध अग्रवाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (Judicial Custody) में भेज दिया है।

एसीबी की रिमांड अर्जी और सुबोध का विरोध

सुनवाई के दौरान एसीबी (ACB) ने सुबोध अग्रवाल से और पूछताछ की जरूरत बताते हुए कोर्ट से तीन दिन की अतिरिक्त पीसी रिमांड मांगी थी। हालांकि, सुबोध अग्रवाल और उनके वकील ने पीसी रिमांड का कड़ा विरोध किया। दोनों पक्षों की जिरह सुनने के बाद कोर्ट ने रिमांड की अर्जी को स्वीकार न करते हुए उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए।

कोर्ट रूम ड्रामा: अधिकारियों से उलझे सुबोध

कोर्ट में पेशी के दौरान सुबोध अग्रवाल का सख्त तेवर देखने को मिला। वे एसीबी अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उखड़ गए और सीधे उनसे सवाल किया। उन्होंने कहा—

“आप कह रहे हैं कि मैंने सवालों का जवाब नहीं दिया। आप बार-बार मीडिया में ये क्यों कह रहे हैं? बताइए मैंने किन सवालों का जवाब नहीं दिया।”

उल्लेखनीय है कि मंगलवार शाम पूछताछ के दौरान सुबोध अग्रवाल की तबीयत भी बिगड़ गई थी, हालांकि डॉक्टरों द्वारा की गई सभी जांचों में उनकी रिपोर्ट सामान्य आई थी।

जेल में मांगी ‘स्पेशल सेल’

सुबोध अग्रवाल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोर्ट में एक प्रार्थना पत्र (एप्लीकेशन) पेश किया है। उन्होंने खुद को जेल में अन्य कैदियों से खतरा बताया है और मांग की है कि उन्हें जेल के भीतर किसी ‘स्पेशल सेल’ या अलग सेल में रखा जाए।


JJM घोटाले में अब तक की बड़ी कार्रवाई (Timeline):

तारीखघटनाक्रम
17 फरवरीरिटायर्ड आईएएस सुबोध अग्रवाल के घर पर सर्च। जलदाय विभाग के 9 अफसरों की गिरफ्तारी।
18 फरवरीगिरफ्तार अफसरों को 3 दिन के रिमांड पर भेजा गया। सुबोध अग्रवाल के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी।
19 फरवरीसुबोध अग्रवाल ने एफआईआर रद्द करने के लिए कोर्ट में याचिका लगाई।
21 फरवरीसभी गिरफ्तार अफसरों को जेल भेजा गया। सुबोध अग्रवाल के वकील ने खुद को केस से हटाया।
09 अप्रैलकाफी समय तक रडार से बाहर रहने के बाद सुबोध अग्रवाल को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
15 अप्रैलकोर्ट ने सुबोध अग्रवाल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत (जेल) में भेजा।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article