एडीजी दिनेश एमएन के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई: जोधपुर में ‘बेनीवाल सदन’ बना था ड्रग्स लैब, 3 किलो एमडी के साथ तस्कर गिरफ्तार

Madhu Manjhi

जस्थान में नशे के सौदागरों के खिलाफ एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। एडीजी दिनेश एमएन के नेतृत्व में टीम ने जोधपुर के बनाड़ थाना क्षेत्र में एक मकान की छत पर संचालित हो रही अवैध एमडी (MD) ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य की तैयार एमडी और भारी मात्रा में खतरनाक रसायन बरामद किए हैं।

छत पर बल्ब की रोशनी में तैयार हो रहा था जहर

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि एजीटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि जोधपुर में ड्रग्स माफिया सक्रिय हैं। एएसआई राकेश जाखड़ की सूचना पर पुख्ता घेराबंदी कर ‘बेनीवाल सदन’ नामक मकान पर छापा मारा गया। यहाँ मकान की छत पर एक लैब स्थापित की गई थी, जहाँ बल्ब की रोशनी में ड्रग्स तैयार की जा रही थी। मौके से 3.055 किलोग्राम तैयार एमडी ड्रग्स और 55 किलो 725 ग्राम कच्चा रसायन बरामद किया गया है।

कर्ज के दलदल से तस्करी के रास्ते तक

पुलिस ने इस मामले में 40 वर्षीय गणपतराम बेनीवाल को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि उस पर करीब 12 लाख रुपए का कर्ज था। इस कर्ज को चुकाने के लालच में उसने सांचौर के तस्करों आसुराम उर्फ लक्की और भाणु से हाथ मिलाया और अपने ही घर को अवैध लैब में बदल दिया। बरामद रसायनों से आरोपी करीब 60 किलो और ड्रग्स तैयार करने की फिराक में था।

एजीटीएफ की टीम को बड़ी कामयाबी

यह पूरी कार्रवाई एसपी ज्ञानचंद यादव और एएसपी नरोत्तम लाल वर्मा के सुपरविजन में की गई। पुलिस अब सांचौर के उन तस्करों की तलाश कर रही है जिन्होंने गणपतराम को यह अवैध सेटअप लगाने के लिए उकसाया और कच्चा माल सप्लाई किया।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article