अलवर/गोविन्दगढ़। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की अलवर प्रथम टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गोविन्दगढ़ तहसील के तहसीलदार बसंत कुमार परसोया के लिए रिश्वत लेते हुए उनके दलाल रवि उर्फ रिंकू को 1,50,000 रुपये की नकद घूस के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है । इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और आपराधिक षडयंत्र के तहत तहसीलदार बसंत परसोया को भी हिरासत में लिया गया है ।
वसीयत के आधार पर नामान्तरण के लिए मांगी 5 लाख की घूस
परिवादी राजकुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी मौसी (बत्तन उर्फ बत्तो) ने मरने से पहले अपने हिस्से की जमीन की वसीयत उसके नाम कर दी थी । इस वसीयत के आधार पर राजस्व रिकॉर्ड में नाम चढ़ाने (नामान्तरण) के लिए तहसीलदार बसंत परसोया ने मामले को अटकाए रखा और परिवादी को अपने दलाल रवि उर्फ रिंकू से मिलने को कहा । दलाल रवि ने तहसीलदार के नाम पर इस काम को करने के बदले 5,00,000 रुपये की मांग की, जिसे बातचीत के बाद 3,50,000 रुपये में तय किया गया ।
फार्म हाउस पर बिछाया जाल, व्हाट्सएप कॉल से हुई पुष्टि
एसीबी के उप अधीक्षक पुलिस शब्बीर खान के नेतृत्व में टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद 17 मार्च 2026 को जाल बिछाया । परिवादी रिश्वत की पहली किश्त के रूप में 1,50,000 रुपये लेकर दलाल रवि के सिरमौर स्थित ‘गौरव गुलाटी फार्म हाउस’ पर पहुँचा । दलाल रवि ने परिवादी से पैसे लेकर अपनी मोटरसाइकिल (RJ 02 ES 3290) के हैंडल पर लटके एक बैग में रखवा लिए । पैसे लेने के बाद दलाल ने तहसीलदार से व्हाट्सएप कॉल पर बात की और पुष्टि की कि “काम हो गया है” । इशारा मिलते ही एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर दलाल को दबोच लिया ।
तहसील कार्यालय से तहसीलदार गिरफ्तार, मूल पत्रावली बरामद
दलाल की गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम तुरंत तहसील कार्यालय गोविन्दगढ़ पहुँची और तहसीलदार बसंत कुमार परसोया को उनके कक्ष से डिटेन किया । दलाल ने अधिकारियों के सामने स्वीकार किया कि उसने यह राशि तहसीलदार के कहने पर ही ली थी । एसीबी ने मौके पर तहसीलदार के स्टाफ के माध्यम से परिवादी के केस से जुड़ी मूल पत्रावली (प्रकरण संख्या 05/19.12.2025) भी बरामद कर ली है ।
कानूनी कार्यवाही और जांच
एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7A और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है । इस पूरे मामले की अग्रिम जांच एसीबी भिवाड़ी के उप अधीक्षक पुलिस परमेश्वर लाल यादव को सौंपी गई है ।
