झुंझुनूं में ACB का बड़ा एक्शन: PM-EGP लोन पास करने के नाम पर 2500 की रिश्वत लेते स्टेनोग्राफर रंगे हाथों गिरफ्तार

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की झुंझुनूं टीम ने जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक स्टेनोग्राफर (शीघ्रलिपिक) को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है । आरोपी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत लोन आवेदन को स्वीकृत करने की एवज में परिवादी से रिश्वत की मांग की थी

दो बार निरस्त लोन को पास कराने के लिए मांगी घूस

परिवादी रविकांत ने एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजना के तहत 5 लाख रुपये के लोन के लिए आवेदन किया था । विभाग द्वारा उसके आवेदन को दो बार निरस्त कर दिया गया था । जब उसने तीसरी बार आवेदन किया, तो जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के स्टेनोग्राफर नीरज कुमार ने उसे कार्यालय बुलाकर कहा कि लोन की कमियों को दूर कर उसे पास करवाने के बदले 2500 रुपये देने होंगे ।

एसीबी का जाल और रंगे हाथों गिरफ्तारी

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी झुंझुनूं की टीम ने 17 मार्च 2026 को जिला उद्योग केंद्र के पास जाल बिछाया । जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि 2500 रुपये आरोपी नीरज कुमार को थमाई, एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया । तलाशी के दौरान रिश्वत की राशि आरोपी की पैंट की पीछे वाली बाईं जेब से बरामद की गई ।

वैज्ञानिक साक्ष्य और कानूनी कार्रवाई

गिरफ्तारी के बाद किए गए रसायनिक परीक्षण में आरोपी के हाथों और पैंट की जेब का धोवण गुलाबी पाया गया, जो रिश्वत के नोट छूने का पुख्ता प्रमाण है । एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है । मामले की अग्रिम जांच एसीबी सीकर के पुलिस निरीक्षक सुभाष मील को सौंपी गई है ।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article