जयपुर गणगौर महोत्सव 2026: माता की शाही सवारी आज; परकोटे में ट्रैफिक रूट बदला, इन रास्तों पर एंट्री बंद

जयपुर: राजस्थान की समृद्ध लोक परंपरा, आस्था और महिलाओं के अखंड सौभाग्य का प्रतीक ‘गणगौर महोत्सव’ आज (21 मार्च) और कल (22 मार्च) राजधानी जयपुर में पूरी भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। पर्यटन विभाग ने इस बार आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। शाम 5:45 बजे सिटी पैलेस (जनानी ड्योढ़ी) से माता की शाही सवारी पूरे राजसी ठाठ-बाट के साथ रवाना होगी।

उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी की विशेष पहल पर इस बार जयपुर की गणगौर की ‘ग्लोबल ब्रांडिंग’ की जा रही है। राजस्थान फाउंडेशन और पर्यटन विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए इस शाही शोभायात्रा का सीधा प्रसारण (Live Telecast) किया जाएगा, ताकि विदेशों में बसे प्रवासी राजस्थानी भी अपनी माटी की इस सांस्कृतिक धरोहर के दर्शन कर सकें।

शाही सवारी का आकर्षण: 32 लवाजमे और शंकर बैंड

इस वर्ष शाही सवारी में भव्यता के नए आयाम देखने को मिलेंगे:

  • रूट: शाम 5:45 बजे सवारी जनानी ड्योढ़ी से शुरू होकर त्रिपोलिया गेट, छोटी चौपड़, गणगौरी बाजार, चौगान स्टेडियम और तालकटोरा होते हुए पौंड्रिक गार्डन (पालिका बाग) पहुंचेगी।
  • पारंपरिक लवाजमा: सवारी में 32 पारंपरिक लवाजमे शामिल किए गए हैं। सजी-धजी पालकियां, ऊंट, घोड़े, हाथी, विक्टोरिया कैरिज और विशेष रूप से ‘शंकर बैंड’ की धुनें मुख्य आकर्षण रहेंगी।
  • 210 लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां: प्रदेशभर से आए 210 से ज्यादा लोक कलाकार कच्ची घोड़ी, कालबेलिया, चरी, घूमर और चंग नृत्य की छटा बिखेरेंगे। साथ ही शहनाई, रावणहत्था, भपंग और मांगणियार गायन से पूरा परकोटा गूंज उठेगा।

ट्रैफिक एडवाइजरी: घर से निकलने से पहले देख लें ये रूट चार्ट

गणगौर माता की सवारी के दौरान जयपुर शहर में यातायात को सुचारू बनाए रखने और जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 21 और 22 मार्च के लिए विशेष ‘ट्रैफिक डायवर्जन प्लान’ लागू किया है:

1. सिटी पैलेस और चौड़ा रास्ता:

  • नगर परिषद की मोरी, आतिश मार्केट, सार्दुल सिंह की नाल और चीनी की बुर्ज की तरफ से सिटी पैलेस की ओर सभी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।
  • रामनिवास बाग और न्यू गेट से चौड़ा रास्ता में सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। गलियों से आने वाले वाहनों को भी त्रिपोलिया टी-पॉइंट की ओर जाने से रोका जाएगा।

2. चौपड़ और बाजार व्यवस्था:

  • बड़ी व छोटी चौपड़: यहां से त्रिपोलिया की ओर जाने वाले यातायात को समानांतर मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।
  • अजमेरी गेट: यहां से छोटी चौपड़ जाने वाले वाहनों को सीधे यादगार तिराहे की ओर भेजा जाएगा।
  • चांदपोल: संजय सर्कल से चांदपोल बाजार की ओर जाने वाले वाहनों को संसार चंद्र रोड की ओर मोड़ा जाएगा।

3. चौगान स्टेडियम और बाहरी मार्ग:

  • ब्रह्मपुरी बस स्टैंड से आने वाले यातायात को माउंट रोड और चौगान चौराहे से ’12 भाइयों के चौराहे’ की ओर भेजा जाएगा।
  • गढ़ गणेश की तरफ से आने वाले वाहन नाहरी का नाका की ओर डायवर्ट होंगे।

4. हल्के और भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध:

  • रामगढ़ मोड़, धोबीघाट, गलता गेट, घाटगेट, सांगानेरी गेट और अजमेरी गेट से परकोटा क्षेत्र के भीतर किसी भी प्रकार की सिटी बस, मिनी बस और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषेध रहेगा।

विशेष निर्देश (पार्किंग):

ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शाही सवारी के पूरे मार्ग (त्रिपोलिया से तालकटोरा तक) पर दोपहर 3:00 बजे के बाद किसी भी प्रकार के वाहन की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। आमजन से अपील की गई है कि वे असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और परकोटे में आने के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करें।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article