प्रतापगढ़ में ACB का बड़ा एक्शन: पट्टे की रजिस्ट्री के बदले मांगी घूस, ग्राम विकास अधिकारी और दलाल रंगे हाथों गिरफ्तार

राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सुहागपुरा के ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और उनके एक दलाल (ई-मित्र संचालक) को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है । यह कार्रवाई पट्टे की रजिस्ट्री पर हस्ताक्षर करने की एवज में मांगी गई घूस के खिलाफ की गई है

पट्टे की रजिस्ट्री के लिए मांगी 12 हजार की घूस

शिकायतकर्ता दौलत सिंह चौहान ने एसीबी कार्यालय में रिपोर्ट दी थी कि उनके कचोटिया गांव स्थित मकान के पट्टे की रजिस्ट्री करवानी थी । सुहागपुरा के ग्राम विकास अधिकारी यशवंत कुमार जोशी ने इस काम के बदले 12,000 रुपये की रिश्वत मांगी । वी़डीओ ने यह राशि सीधे न लेकर अपने दलाल राजमल मीणा, जो सुहागपुरा में ई-मित्र चलाता है, के माध्यम से देने को कहा ।

दलाल के साथ हुई ‘सेटलमेंट’ और ट्रेप

एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन 27 फरवरी 2026 को किया गया । सत्यापन के दौरान दलाल राजमल मीणा ने परिवादी से सौदा करते हुए कहा कि “12,000 रुपये की बात हुई थी, लेकिन आप अभी 8,000 रुपये दे दो, मैं हस्ताक्षर कराकर रजिस्ट्री करवा दूंगा। बाकी के 2,000 रुपये काम होने के बाद दे देना” ।

रंगे हाथों गिरफ्तारी और हाथ हुए गुलाबी

05 मार्च 2026 को एसीबी टीम ने जाल बिछाया । जैसे ही परिवादी ने ई-मित्र की दुकान पर जाकर दलाल राजमल मीणा को 8,000 रुपये थमाए, एसीबी टीम ने उसे दबोच लिया । तलाशी लेने पर राजमल के बाएं हाथ से रिश्वत की राशि बरामद की गई । रसायनिक परीक्षण के दौरान जब दलाल के हाथ सोडियम कार्बोनेट के घोल में धुलवाए गए, तो पानी का रंग गुलाबी हो गया, जो रिश्वत लेने का पुख्ता सबूत है ।

वी़डीओ की संलिप्तता और कानूनी कार्रवाई

पूछताछ और कॉल रिकॉर्डिंग से ग्राम विकास अधिकारी यशवंत कुमार जोशी की संलिप्तता पूरी तरह प्रमाणित हुई, जिसके बाद उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया । एसीबी ने दोनों आरोपियों को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है । मामले की आगे की जांच एसीबी बांसवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना को सौंपी गई है ।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article