जयपुर: राजस्थान की गौरवशाली संस्कृति और कला का जश्न मनाने के लिए 19 मार्च (गुरुवार, चैत्र प्रतिपदा) को ‘राजस्थान दिवस’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। पर्यटन विभाग की ओर से मुख्य कार्यक्रम जयपुर के ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल पर शाम 7 बजे से आयोजित होगा। पर्यटन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता ने बताया कि इस बार राजस्थान दिवस की गूँज केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी जिलों में सुनाई देगी।
दिग्गजों की मौजूदगी में सांस्कृतिक संगम
अल्बर्ट हॉल पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और गणमान्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस अवसर पर आयोजित होने वाली सांस्कृतिक संध्या का मुख्य आकर्षण पद्मश्री अनवर खां मांगणियार और पद्मश्री तगाराम भील की प्रस्तुतियाँ होंगी, जो अपनी सुरीली आवाज और लोक धुनों से समां बांधेंगे。
100 कलाकार और अद्भुत लोक नृत्य
इस शाम सुर, ताल और लय का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। समारोह में 100 से अधिक राजस्थानी कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इसमें राजस्थान की पहचान घूमर, कालबेलिया, चरी, कच्छी घोड़ी, भवाई, तीन ढोल, गैर, चंग-ढप और कथक जैसे शास्त्रीय व लोक नृत्यों की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुतियाँ शामिल होंगी।
आतिशबाजी से रोशन होगा आसमान
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ ही अल्बर्ट हॉल पर भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी। राजधानी में अल्बर्ट हॉल के अलावा कला, साहित्य और संस्कृति विभाग की ओर से जवाहर कला केंद्र और रवींद्र मंच पर भी विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। प्रदेश के सभी जिलों में भी स्थानीय स्तर पर भव्य समारोह आयोजित कर राजस्थान के स्थापना दिवस को उत्सव के रूप में मनाया जाएगा।
