प्रतापगढ़ ACB का बड़ा एक्शन: पट्टे की रजिस्ट्री के नाम पर 8 हजार की घूस लेते VDO और दलाल रंगे हाथों गिरफ्तार

प्रतापगढ़ । राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है । ब्यूरो की टीम ने सुहागपुरा के ग्राम विकास अधिकारी (VDO) और उनके एक दलाल को 8,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है । यह पूरी कार्रवाई 5 मार्च 2026 को की गई थी, जिसके बाद 12 मार्च को विधिवत FIR दर्ज की गई ।

पट्टे की रजिस्ट्री के लिए मांगी थी घूस

शिकायतकर्ता दौलत सिंह चौहान ने ACB में रिपोर्ट दी थी कि उनके कचोटिया गांव स्थित मकान के पट्टे की रजिस्ट्री करवानी थी । सुहागपुरा के ग्राम विकास अधिकारी (VDO) यशवंत कुमार जोशी ने इस काम के बदले 12,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी । VDO ने यह राशि सीधे न लेकर अपने दलाल राजमल मीणा (जो ई-मित्र संचालक है) के माध्यम से देने को कहा था ।

5 मार्च को बिछाया गया जाल

ACB ने शिकायत का सत्यापन 27 फरवरी 2026 को शुरू किया था । सत्यापन के दौरान दलाल राजमल मीणा ने परिवादी से सौदा तय किया कि 8,000 रुपये अभी दे दो, जिससे रजिस्ट्री पर हस्ताक्षर करवा दिए जाएंगे और बाकी 2,000 रुपये काम होने के बाद लिए जाएंगे । निर्धारित योजना के अनुसार, 5 मार्च 2026 को जैसे ही दलाल ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, ACB टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया ।

VDO की संलिप्तता हुई प्रमाणित

पूछताछ और कॉल रिकॉर्डिंग के जरिए ग्राम विकास अधिकारी यशवंत कुमार जोशी की इस भ्रष्टाचार में पूरी संलिप्तता पाई गई । दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है । इस मामले की अग्रिम जांच ACB बांसवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना को सौंपी गई है ।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारत की हर बड़ी खबर!

Share This Article