राजस्थान को मिली दूसरी ‘अमृत भारत ट्रेन’ की सौगात: जोधपुर से मऊ के बीच दौड़ेगी नई एक्सप्रेस, जयपुर-भरतपुर सहित इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

जयपुर। राजस्थान के रेलयात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। भारतीय रेलवे ने प्रदेश को दूसरी ‘अमृत भारत ट्रेन’ की सौगात दी है। हाल ही में होली पर्व के अवसर पर संचालित की गई जोधपुर-मऊ-जोधपुर स्पेशल ट्रेन की सफलता और भारी यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने अब इसे नियमित ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ साप्ताहिक ट्रेन के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। इस नई ट्रेन के शुरू होने से प्रदेश के कई शहरों के यात्रियों को उत्तर प्रदेश और बिहार की ओर बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।

नियमित हुई होली स्पेशल, अब नए नंबर से चलेगी

रेलवे ने जोधपुर-मऊ होली स्पेशल (गाड़ी संख्या 04823/04824) को अब नियमित सेवा में बदल दिया है। अब यह ट्रेन गाड़ी संख्या 14809/14810 जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस के नाम से पटरी पर दौड़ेगी। रेल मंत्रालय ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह ट्रेन साप्ताहिक होगी, जो जोधपुर से हर रविवार को और मऊ से हर मंगलवार को रवाना होगी।

इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव: जोधपुर-मऊ अमृत भारत एक्सप्रेस राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को जोड़ेगी:

  • राजस्थान में: पीपर रोड जंक्शन, गोटन, मेड़ता रोड जंक्शन, रेन, डेगाना जंक्शन, मकराना जंक्शन, कुचामनसिटी, नावासिटी, फुलेरा जंक्शन, जयपुर जंक्शन, बांदीकुई जंक्शन, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर।
  • उत्तर प्रदेश में: मथुरा, कासगंज, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या और आजमगढ़।

प्रदेश की दूसरी अमृत भारत ट्रेन

यह राजस्थान की दूसरी अमृत भारत ट्रेन है। पहली अमृत भारत एक्सप्रेस बिहार के दरभंगा से अजमेर के मदार स्टेशन के बीच संचालित की जा रही है, जिसकी शुरुआत पिछले साल 3 अक्टूबर को हुई थी। मदार-दरभंगा ट्रेन हर शुक्रवार को मदार से रवाना होती है।

अमृत भारत ट्रेनों की विशेषता उनके आधुनिक एलएचबी कोच और दोनों तरफ लगे इंजन (Push-Pull Technology) हैं, जो ट्रेन को बेहतर गति और यात्रियों को आरामदायक झटकों रहित सफर का अनुभव कराते हैं।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। आज की राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारतदुनिया की हर बड़ी खबर!

Share This Article