महंगाई के खिलाफ जयपुर में कांग्रेस का हल्ला बोल: संजय सर्किल पर उमड़ा जन-सैलाब

जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों में हो रही बेतहाशा वृद्धि के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन किया। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में संजय सर्किल पर आयोजित इस विशाल धरने का नेतृत्व शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर जनविरोधी नीतियां लागू करने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों और बाजार में कॉमर्शियल सिलेंडरों की भारी कमी ने न केवल आम गृहणियों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है, बल्कि छोटे व्यापारियों और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने भी रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है। नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि गलत फैसलों के कारण आज छोटे स्टार्टअप और व्यापार बंद होने की कगार पर हैं, जिसका सीधा असर युवाओं के रोजगार पर पड़ रहा है।

इस विरोध प्रदर्शन में पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, विधायक रफीक खान, विधायक अमीन कागजी, आर.आर. तिवाड़ी, विक्रम सिंह शेखावत (विक्सा), गंगा देवी, अर्चना शर्मा और मंजू शर्मा सहित कांग्रेस के विभिन्न ब्लॉक, मंडल और नगर कमेटियों के पदाधिकारी व पार्षद मौजूद रहे। प्रदर्शन के अंत में सुनील शर्मा ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यह तो केवल आंदोलन की शुरुआत है; यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं पाया गया और आम जनता को राहत नहीं मिली, तो कांग्रेस का यह संघर्ष सड़क से लेकर सदन तक और भी उग्र रूप लेगा।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। आज की राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारतदुनिया की हर बड़ी खबर!

Share This Article