जयपुर – प्रदेश में आमजन की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सरकार का चाबुक लगातार चल रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चल रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने शास्त्री नगर के भट्टा बस्ती इलाके में छापामार कार्रवाई करते हुए एक गोदाम से 700 किलो मिलावटी पनीर जब्त किया। यह पनीर शहर के खुदरा विक्रेताओं तक पहुंचने ही वाला था, लेकिन उससे पहले ही अधिकारियों ने इसे पकड़ लिया और जनहित में मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
अलवर कनेक्शन और मालिक का कबूलनामा
खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने बताया कि केंद्रीय दल को गुप्त सूचना मिली थी कि मेसर्स बरसाना पनीर भंडार के गोदाम में भारी मात्रा में मिलावटी पनीर रखा गया है। अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त डॉ. वी.पी. शर्मा के नेतृत्व में टीम ने जब वहां दबिश दी, तो गोदाम मालिक मुस्ताक ने स्वीकार किया कि यह पनीर मिलावटी है। पूछताछ में सामने आया कि यह ‘सफेद जहर’ अलवर से मंगवाया गया था और इसे जयपुर के अलग-अलग इलाकों में खुदरा विक्रेताओं को मात्र 200 से 220 रुपये प्रति किलो के भाव से सप्लाई किया जाना था। इतनी कम कीमत ही इसके नकली होने का सबसे बड़ा प्रमाण थी।
मौके पर ही किया नष्ट, सैंपल लैब भेजे
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर की गुणवत्ता की जांच के लिए फूड सेफ्टी एक्ट के तहत सैंपल लिए, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि मालिक द्वारा मिलावट की बात कबूलने और पनीर की स्थिति को देखते हुए, पूरे 700 किलो स्टॉक को तुरंत प्रभाव से नष्ट करवा दिया गया ताकि यह किसी भी रूप में आम जनता की थाली तक न पहुंच सके। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह, लोकेश शर्मा और विनोद कुमार शर्मा शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा।
