PM Modi Rajasthan Visit 2026: मरुधरा के विकास को नई रफ्तार देने के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर राजस्थान आ रहे हैं। आगामी 28 फरवरी को पीएम मोदी अजमेर (Ajmer) के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेशवासियों को अरबों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम के दौरे की पुष्टि करते हुए इसे ‘विकसित राजस्थान’ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। प्रशासन ने इस हाई-प्रोफाइल दौरे की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
23,500 करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण
प्रधानमंत्री का यह दौरा राजस्थान के बुनियादी ढांचे (Infrastructure) के लिए गेम चेंजर साबित होने वाला है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी इस एक दिन के दौरे में कुल 23,500 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
इन परियोजनाओं में सड़क, बिजली, पानी और शहरी विकास से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। माना जा रहा है कि इन कार्यों से न केवल अजमेर बल्कि पूरे राजस्थान की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा।
रोजगार उत्सव: 21 हजार युवाओं को मिलेंगे सरकारी नौकरी के पत्र
राजस्थान के बेरोजगार युवाओं के लिए भी पीएम मोदी का यह दौरा खुशियों की सौगात लेकर आ रहा है। कार्यक्रम के दौरान एक भव्य ‘रोजगार उत्सव’ (Rozgar Utsav) का आयोजन किया जाएगा।
इस मंच से प्रधानमंत्री प्रदेश के 21,000 चयनित युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र (Appointment Letters) सौंपेंगे। यह राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार देने की दिशा में अब तक का सबसे बड़ा अभियान माना जा रहा है।
सीएम भजनलाल शर्मा बोले- ‘विकसित राजस्थान’ को मिलेगी नई शक्ति
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति से ‘विकसित राजस्थान’ (Viksit Rajasthan) के संकल्प को नई शक्ति मिलेगी।
सीएम शर्मा ने कहा, “पीएम मोदी का विजन और उनका मार्गदर्शन प्रदेशवासियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करेगा। डबल इंजन की सरकार राजस्थान को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीएम के कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।
