ED की गिरफ्त में पूर्व विधायक: स्मार्ट क्लास के नाम पर 3 करोड़ का घोटाला, ACB ने ऐसे कसा शिकंजा

प्रतिकात्मक फोटो

जयपुर/अलवर – भ्रष्टाचार के खिलाफ काले कपड़े पहनकर सड़कों पर दौड़ लगाने वाले बहरोड़ के पूर्व निर्दलीय विधायक बलजीत यादव को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एमएलए फंड (MLA LAD Fund) के दुरुपयोग और गबन के मामले में की गई है। ईडी की टीम ने मंगलवार रात फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए अलवर के शाहजहांपुर टोल प्लाजा (दिल्ली-जयपुर हाईवे पर NHAI ऑफिस के पास) से उन्हें हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें पूछताछ के लिए जयपुर स्थित ईडी ऑफिस लाया गया, जहां लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

बैडमिंटन और क्रिकेट किट के नाम पर 3.72 करोड़ का ‘गबन’

ईडी के अनुसार, यह मामला वर्ष 2021-22 का है। आरोप है कि बलजीत यादव ने बहरोड़ विधानसभा क्षेत्र के 32 सरकारी स्कूलों के लिए बैडमिंटन और क्रिकेट किट खरीदने के नाम पर MLA LAD फंड से 3.72 करोड़ रुपये खर्च किए। जांच में सामने आया है कि इस रकम का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग किया गया। इसमें फर्जी बिलिंग, ठेकेदारों से मिलीभगत और घटिया या बिना आपूर्ति के पेमेंट उठाने जैसे गंभीर आरोप हैं। इसी को आधार बनाकर एसीबी (ACB) ने एफआईआर दर्ज की थी और ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) की जांच शुरू की थी।

जनवरी में 10 ठिकानों पर रेड, मिले थे अहम सबूत

ईडी सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले 24 जनवरी 2025 को बलजीत यादव के जयपुर, दौसा और बहरोड़ स्थित कुल 10 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था। इसमें जयपुर के 8 और दौसा-बहरोड़ के एक-एक ठिकाने शामिल थे। इस दौरान ईडी के हाथ कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और आपत्तिजनक सबूत लगे थे। इन्हीं सबूतों की कड़ियां जोड़ते हुए अब यह गिरफ्तारी की गई है।

भ्रष्टाचार मिटाने का दावा, खुद फंसे उसी जाल में

पूर्व विधायक बलजीत यादव

हैरानी की बात यह है कि निर्दलीय विधायक रहते हुए बलजीत यादव ने खुद को भ्रष्टाचार विरोधी नेता के रूप में पेश किया था। उन्होंने जयपुर के सेंट्रल पार्क में काले कपड़े पहनकर सुबह से शाम तक दौड़ लगाई थी और अपने क्षेत्र में पोस्टर लगवाकर भ्रष्टाचार उजागर करने वालों को 51 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की थी। लेकिन अब वे खुद सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाने के आरोप में ईडी की गिरफ्त में हैं।

आगे क्या?

मंगलवार रात हिरासत में लेने के बाद उन्हें जयपुर लाया गया है। ईडी ऑफिस में उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि ईडी उन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले सकती है ताकि पैसों के लेन-देन (Money Trail) की तह तक पहुंचा जा सके।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। आज की राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारतदुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले आपके मोबाइल पर पढ़ें! English News

Share This Article