जयपुर: राजस्थान के जलदाय विभाग (PHED) में जल जीवन मिशन (JJM) के तहत हुए करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आज सुबह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ACB की टीम ने अलसुबह 3-4 बजे से ही राजस्थान सहित देश के 15 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की।
देशभर के 15 ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई
ACB की इस बड़ी कार्रवाई का दायरा केवल राजस्थान तक ही सीमित नहीं रहा। टीम ने जयपुर, उदयपुर, बाड़मेर के साथ-साथ दिल्ली, झारखंड और बिहार में भी एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों के घर और कार्यालयों से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए जा रहे हैं।
ये बड़े अधिकारी लिए गए हिरासत में
सूत्रों के मुताबिक, करोड़ों के इस फर्जीवाड़े में ACB ने PHED के कई वरिष्ठ और रिटायर्ड अधिकारियों को हिरासत में लिया है:
- CE: के.डी.गुप्ता और दिनेश गोयल
- रिटायर्ड CE: दिलीप कुमार गौड़
- ACE: निरिल कुमार और शुभांशु दीक्षित
- रिटायर्ड ACE/SE: अरुण श्रीवास्तव और एम.पी.सोनी
- अन्य: तत्कालीन FA (JJM) सुशील शर्मा और सस्पेंड XEN विशाल सक्सेना
इसके अलावा, ACB ने रिटायर्ड IAS सुबोध अग्रवाल के ठिकानों पर भी बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों का कहना है कि पूछताछ के बाद विभाग के कुछ और लोग भी हिरासत में लिए जा सकते हैं।
फर्जी सर्टिफिकेट से डकारे करोड़ों रुपये
यह पूरा मामला जल जीवन मिशन में इरकॉन (Ircon) के फर्जी सर्टिफिकेट्स के आधार पर सैकड़ों करोड़ रुपये के कार्यादेश (Work Orders) हासिल करने से जुड़ा है। जांच में सामने आया है कि इन अधिकारियों ने फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद भी मामले को दबाए रखा और मिलीभगत कर फर्मों को करोड़ों का भुगतान जारी कर दिया।
ACB मुख्यालय में पूछताछ जारी
इस पूरी कार्रवाई का सुपरविजन DG एसीबी गोविन्द गुप्ता, ADG स्मृता श्रीवास्तव, DIG रामेश्वर सिंह और SP पुष्पेन्द्र सिंह कर रहे हैं। फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी अधिकारियों से ACB मुख्यालय में गहन पूछताछ की जा रही है।
