
रामगंजमंडी। शहर में पिछले 6 दिनों से पेयजल सप्लाई बाधित होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विधायक प्रत्याशी महेंद्र राजोरिया के नेतृत्व में जलदाय विभाग के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल,ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र सिंह गोयन्दा,कांग्रेस नेता विजय गौतम,पूर्व पालिका उपाध्यक्ष रमेश मीणा (गुड्डू), प्रहलाद राठौर,कमल गुर्जर (कम्मू चाचा),विजय यादव,अदनान अली,अजय बना और दीपांशु पारेता ने विरोध जताते हुए पानी की टंकी पर चढ़कर करीब 2 घण्टे तक प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने आमजन के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही सीआई मनोज सिंह सिकरवाकर मौके पर पहुँचे और कार्यकर्ताओं से नीचे उतरने की समझाइश की, लेकिन कांग्रेसियों ने जनता को राहत मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कही।
-2 दिन में सप्लाई शुरू करने का मिला आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए जलदाय विभाग के अधिकारी बच्चू सिंह मीणा ने सीआई के माध्यम से अगले दो दिन में पेयजल आपूर्ति सुचारू करने का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद ही कार्यकर्ताओं ने अपना धरना समाप्त किया और टंकी से नीचे उतरे। नीचे उतरने पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका माला पहनाकर स्वागत किया।
विधायक प्रत्याशी महेंद्र राजोरिया ने कहा कि रामगंजमंडी में पिछले 6-7 दिन से गंभीर पेयजल संकट है। इसके बावजूद प्रशासन और सरकार सो रही है। कांग्रेस ने जनसंपर्क के दौरान जनता की परेशानी को समझा जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और प्रशासन को जगाया। अगर दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा उग्र आंदोलन किया जाएगा।
-यह सरकार की नाकामी
नगर अध्यक्ष पवन बाबेल ने भाजपा पर सीधा हमला करते हुए कहा कि 6 दिन से पानी की सप्लाई नहीं होना सरकार की घोर नाकामी है। उन्होंने सवाल उठाया कि कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर का विधानसभा क्षेत्र और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का संसदीय क्षेत्र होने के बावजूद यहां की जनता दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर पानी के लिए तरस रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां का जलदाय विभाग भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया है जिसके खिलाफ सारे सबूत जुटा लिए गए हैं। उन्होंने जल्द ही विभाग के घोटालों का काला चिट्ठा जनता के सामने पेश करने की बात कही। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।
