जयपुर: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने आज विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए युवाओं और छात्राओं के भविष्य को संवारने के लिए कई क्रांतिकारी घोषणाएं कीं। बजट का मुख्य आकर्षण भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए ‘राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी’ की स्थापना रही।
1. राजस्थान स्टेट टेस्टिंग एजेंसी (NTA की तर्ज पर)
पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की तर्ज पर राज्य में एक समर्पित टेस्टिंग एजेंसी बनाने का फैसला किया है।
- उद्देश्य: भर्ती परीक्षाओं को योजनाबद्ध, समयबद्ध और पूरी तरह पारदर्शी बनाना।
- सुविधाएं: राज्य में अत्याधुनिक ऑनलाइन टेस्टिंग सेंटर बनाए जाएंगे, जिससे तकनीक के माध्यम से निष्पक्ष परीक्षाएं संपन्न कराई जा सकें।
2. ‘DREAM’ प्रोग्राम: युवाओं को डिजिटल मजबूती
सरकार ने युवाओं के लिए ‘ड्रीम (DREAM – Digital Residence and Empowerment Mentoring Program)’ शुरू करने का ऐलान किया है।
- इसके तहत चयनित कॉलेजों में रिसर्च प्रोग्राम चलाए जाएंगे।
- स्टार्टअप और नवाचार (Innovation) के लिए युवाओं को मेंटरशिप, एंटरप्रेन्योरशिप और इनक्यूबेशन की सुविधाएं दी जाएंगी।
- प्रत्येक जिले के चुनिंदा कॉलेजों में ‘वाइब्रेट वैल्यू ड्रिवन इनोवेशन’ प्रोग्राम भी लागू होगा।
3. छात्राओं के लिए आत्मरक्षा और सशक्तिकरण
बालिकाओं की सुरक्षा और स्वाभिमान को प्राथमिकता देते हुए ‘रानी लक्ष्मीबाई केंद्रों’ का विस्तार करने की घोषणा की गई है:
- विस्तार: वर्तमान में 300 कॉलेजों में संचालित इन केंद्रों को अब 150 और महाविद्यालयों में खोला जाएगा।
- लक्ष्य: इस विस्तार से ट्रेनिंग लेने वाली छात्राओं की संख्या 15 हजार से बढ़कर 50,000 हो जाएगी।
- इन केंद्रों पर छात्राओं को आत्मरक्षा (Self-Defense) के साथ-साथ नेतृत्व कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
4. अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं
- ब्याज मुक्त ऋण: मुख्यमंत्री स्व-रोजगार योजना के तहत 1 लाख युवाओं को 10 लाख रुपये तक का कर्ज बिना किसी ब्याज के (100% ब्याज अनुदान) उपलब्ध कराया जाएगा।
- ई-वाउचर: 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों को टैबलेट या लैपटॉप खरीदने के लिए ₹20,000 का ई-वाउचर दिया जाएगा।