जयपुर। सूर्य रथ सप्तमी के पावन अवसर पर गुलाबी नगरी जयपुर में ऊर्जा और आध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला। क्रीड़ा भारती जयपुर और राजस्थान सरकार के आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ऐतिहासिक अल्बर्ट हॉल म्यूजियम (रामनिवास बाग) के सामने भव्य ‘108 सामूहिक सूर्य नमस्कार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उगते सूरज की किरणों के साथ 750 से अधिक योग साधकों ने अनुशासित होकर सूर्य नमस्कार किए।
557 साधकों ने पूरा किया 108 का संकल्प
कार्यक्रम में कुल 750 लोगों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 557 योग साधकों ने बिना रुके लगातार 108 सूर्य नमस्कार लगाकर अपनी शारीरिक और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया। इस आयोजन में भारतीय सेना का जोश भी देखने को मिला। सैनिक छावनी जयपुर के विजयद्वार से सूबेदार राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में 100 सैनिकों ने भी इस महायज्ञ में आहुति दी।
“एक शरीर, एक जीवन- इसे जागरूक बनाएं”
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद राज्य के खेल एवं युवा मामलात मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने युवाओं को संबोधित किया।
- उन्होंने कहा, “हमें ईश्वर से एक ही शरीर और एक ही जीवन मिला है। हमें विचार करना चाहिए कि हम इसे कैसे जीते हैं। योग हमें अंदर और बाहर दोनों तरफ से ऊर्जा प्रदान करता है। प्रातःकाल सूर्य नमस्कार करके हम एक जागरूक (Conscious) जीवन की शुरुआत कर सकते हैं।”
“1989 से बुखार नहीं आया”
मुख्य वक्ता और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक प्रमुख श्रीवर्धन ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए योग की महत्ता बताई।
- उन्होंने कहा, “मैं 1989 से लगातार सूर्य नमस्कार और योग कर रहा हूं। शुरुआत में मैं प्रतिदिन 200 सूर्य नमस्कार करता था, यही कारण है कि 1989 के बाद मुझे कभी बुखार नहीं आया।”
- उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन कम से कम 25 सूर्य नमस्कार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन का उद्देश्य केवल धन कमाना नहीं, बल्कि परोपकार और पुण्य अर्जित करना होना चाहिए।
5 किमी दौड़ से बेहतर है 108 सूर्य नमस्कार
कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए क्रीड़ा भारती के क्षेत्र संयोजक मेघसिंह चौहान ने एक तुलनात्मक अध्ययन का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर दौड़ने वाले व्यक्ति की तुलना में 108 सूर्य नमस्कार करने वाले व्यक्ति के शरीर में ऑक्सीजन का स्तर (Oxygen Level) अधिक पाया गया है। उन्होंने इसे बिना किसी खर्च और साधन के किया जाने वाला सर्वोत्तम व्यायाम बताया।
मातृशक्ति कबड्डी स्पर्धा का पोस्टर विमोचन
इस अवसर पर मंच से 28 और 29 जनवरी 2026 को राजस्थान विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित होने वाली ‘मातृ शक्ति कबड्डी स्पर्धा’ के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष और ओलंपियन धावक गोपाल सैनी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष शरद मिश्रा, प्रांत अध्यक्ष डॉ. जीएल शर्मा, आयुष विभाग के अतिरिक्त निदेशक बत्तीलाल, नोडल प्रभारी डॉ. लक्ष्मण सैनी, पतंजलि से कुलभूषण बैराठी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
