राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की ओर से जारी वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के नतीजों ने सबको चौंका दिया है। हजारों की तादाद में बैठने वाले अभ्यर्थियों के बीच परिणाम ऐसा आया कि उंगलियों पर गिने जाने लायक लोग ही पास हो सके। आयोग ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के तहत ‘उर्दू’ विषय की पात्रता जांच के लिए विचारित सूची (Provisional List) जारी की है। हैरानी की बात यह है कि नॉन-शेड्यूल्ड एरिया में महज 6 अभ्यर्थी ही पात्रता जांच की दौड़ में शामिल हो पाए हैं। वहीं, शेड्यूल्ड एरिया (Scheduled Area) का हाल तो और भी बुरा रहा, जहां आयोग को एक भी ऐसा अभ्यर्थी नहीं मिला जो न्यूनतम उत्तीर्णांक (Minimum Passing Marks) की शर्त पूरी कर सके। नतीजतन, वहां के लिए कोई सूची ही जारी नहीं की गई।
15 अभ्यर्थी रेस से बाहर, ओएमआर में की थी गलती
आयोग ने परीक्षा में सख्ती बरतते हुए लापरवाही करने वाले अभ्यर्थियों पर बड़ा एक्शन लिया है। परिणाम के साथ ही 15 अभ्यर्थियों को अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इन अभ्यर्थियों ने परीक्षा के दौरान ओएमआर शीट में 10% से अधिक प्रश्नों में पांचों विकल्पों में से किसी का भी चयन नहीं किया था। आयोग के नए नियमों के तहत इन्हें डिस्क्वालीफाई कर दिया गया है। इनके रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी किए गए हैं।
11 से 17 फरवरी तक भरना होगा फॉर्म
आयोग सचिव ने बताया कि विचारित सूची में अस्थायी रूप से शामिल किए गए इन 6 अभ्यर्थियों को अब अपना विस्तृत आवेदन पत्र (Detailed Application Form) ऑनलाइन भरना होगा। इसके लिए 11 फरवरी से 17 फरवरी 2026 (रात्रि 11.59 बजे) तक लिंक खुला रहेगा। अभ्यर्थियों को अपनी एसएसओ आईडी (SSO ID) के माध्यम से रिक्रूटमेंट पोर्टल पर जाकर ‘My Recruitment’ सेक्शन में ‘Detailed Form cum Scrutiny- Apply Now’ का चयन कर आवेदन करना होगा।
शिक्षा विभाग करेगा दस्तावेजों की जांच
इस बार प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि दस्तावेजों की जांच RPSC नहीं, बल्कि स्वयं माध्यमिक शिक्षा विभाग करेगा। यह सूची चयन या वरीयता सूची नहीं है, बल्कि सिर्फ डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) के लिए है। अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भरे गए आवेदन की दो प्रिंट प्रतियां और मूल दस्तावेज तैयार रखने होंगे। विभाग जब भी तारीख और स्थान सूचित करेगा, उन्हें वहां उपस्थित होना होगा। आयोग अलग से कोई सूचना नहीं भेजेगा।
सितंबर 2025 में हुई थी परीक्षा
गौरतलब है कि उर्दू विषय के पदों के लिए सामान्य ज्ञान (GK) का पेपर 9 सितंबर 2025 को और उर्दू विषय का पेपर 10 सितंबर 2025 को आयोजित किया गया था। दोनों पेपरों में उपस्थिति और नियमों के तहत न्यूनतम नंबर लाने वालों को ही इस शॉर्टलिस्ट में जगह मिली है। विभाग द्वारा वेरिफिकेशन के बाद पात्र अभ्यर्थियों की फाइनल लिस्ट आयोग को भेजी जाएगी, जिसके बाद ही अंतिम परिणाम और नियुक्ति की सिफारिश जारी होगी।
