जयपुर: राजस्थान में सूरज की तपिश बढ़ने के साथ ही गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश में लगातार दूसरे दिन अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया है। बुधवार को पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश शहरों में पारा 33 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है।
बाड़मेर सबसे गर्म, सामान्य से 5 डिग्री चढ़ा पारा
पिछले 24 घंटों में पश्चिमी जिलों में सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की गई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 36.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इसके अलावा जैसलमेर, जोधपुर, पाली, बीकानेर और जालोर में भी अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है।
सुबह-शाम की सर्दी का असर हुआ खत्म
दिन में तेज गर्मी के कारण अब सुबह और शाम को होने वाली हल्की सर्दी भी गायब हो गई है। जयपुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री, बाड़मेर में 19.6 डिग्री और बीकानेर में 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। वहीं उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और जोधपुर जैसे शहरों में भी रात का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर बना हुआ है।
अगले एक सप्ताह का पूर्वानुमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक आसमान पूरी तरह साफ रहेगा। तेज धूप निकलने के कारण तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है, जिससे आने वाले दिनों में गर्मी का अहसास और भी प्रचंड हो सकता है।
