जोधपुर में अजब-गजब चोरी: दुबले-पतले चोर ने बोरे में भरा 30 किलो का ‘हाथी’, CCTV देख पुलिस भी हैरान

जोधपुर। सूर्यनगरी जोधपुर में चोरी की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जो जितनी हैरान करने वाली है, उतनी ही हंसी भी दिलाती है। शहर के व्यस्ततम इलाके नई सड़क पर एक चोर ने दुकान के बाहर रखे भारी-भरकम हैंडीक्राफ्ट हाथी पर हाथ साफ कर दिया। मामला उदय मंदिर थाना क्षेत्र का है।

दुबले-पतले चोर की ‘भारी’ मशक्कत

नई सड़क स्थित ‘गणेश हैंडीक्राफ्ट’ के बाहर सजावट के लिए हाथी रखे हुए थे। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक दुबला-पतला युवक वहां संदिग्ध हालत में मंडराता दिखाई दिया। मौका पाते ही उसने वहां रखा करीब 30 किलो वजनी हाथी उठाया।

हैरानी की बात यह रही कि चोर खुद काफी कमजोर दिख रहा था, लेकिन उसने पूरी ताकत लगाकर उस भारी हाथी को अपने पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे (बोरे) में भरने की कोशिश की। काफी मशक्कत और जद्दोजहद के बाद आखिरकार उसने हाथी को बोरे में ठूंसा और उसे कंधे पर लादकर रफूचक्कर हो गया।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

दुकानदार ने जब बाहर सामान कम देखा तो सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें यह पूरा वाकया कैद मिला। वीडियो में चोर की हरकतें देखकर एक बार को तो पुलिस भी मुस्कुराने पर मजबूर हो गई। फिलहाल, गणेश हैंडीक्राफ्ट के मालिक की शिकायत पर उदय मंदिर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उस ‘हाथी चोर’ की तलाश शुरू कर दी है।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। आज की राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारतदुनिया की हर बड़ी खबर!

Share This Article