धौलपुर: राजस्थान के धौलपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने एक पटवारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी ने यह घूस कृषि भूमि का म्यूटेशन (नामांतरण) खोलने की एवज में मांगी थी।
किराए के मकान में रंगे हाथ दबोचा
एसीबी धौलपुर चौकी के डीएसपी ज्ञानचंद मीणा के नेतृत्व में इस ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया गया। परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि बसई सांमता क्षेत्र में तैनात पटवारी वीरेंद्र शर्मा म्यूटेशन खोलने के लिए 50 हजार रुपये की डिमांड कर रहा है।
शिकायत का गोपनीय सत्यापन करने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। धौलपुर के कायस्थपाड़ा मोहल्ले में स्थित आरोपी पटवारी के किराए के मकान पर टीम ने दबिश दी और वीरेंद्र शर्मा को 50 हजार रुपये नकद लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
पटवारी का पुराना है विवादों से नाता
गिरफ्तार पटवारी वीरेंद्र शर्मा पर भ्रष्टाचार के अलावा पहले से भी गंभीर आरोप लगे हुए हैं:
- इसी महीने 19 फरवरी को सदर थाने में आरोपी के खिलाफ एक नामजद मुकदमा दर्ज कराया गया था।
- एक महिला ने आरोप लगाया था कि पटवारी ने बसई सांमता गांव में धोखाधड़ी कर महिला का नाम हटाकर उसकी जमीन का सिजरा दूसरे लोगों (भूमाफिया) के नाम कर दिया था।
फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से अन्य मामलों को लेकर भी गहन पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई जारी है।
