राजस्थान की राजधानी जयपुर (Jaipur) का आकाश जल्द ही भारतीय सेना के रणबांकुरों की हुंकार से गूंजने वाला है। आगामी 15 जनवरी को जयपुर में आयोजित होने वाली आर्मी डे परेड 2026 (Army Day Parade 2026) के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। लेकिन इस बार की परेड का सबसे बड़ा आकर्षण और चर्चा का विषय है—भारतीय सेना की नवगठित एलीट यूनिट ‘भैरव बटालियन’ (Bhairav Battalion)।
पहली बार दुनिया देखेगी ‘भैरव’ का दम यह बटालियन अपने पहले ऐतिहासिक सार्वजनिक प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार है। ग्राउंड पर अभ्यास के दौरान इन वीर सपूतों का जोश देखते ही बन रहा है। ‘भैरव बटालियन’ को विशेष रूप से हाई-रिस्क ऑपरेशन्स और दुर्गम क्षेत्रों में युद्ध के लिए तैयार किया गया है। जयपुर की धरती पर जब यह यूनिट कदमताल करेगी, तो यह भारतीय सेना के इतिहास में एक नया अध्याय होगा।
अदम्य साहस और सटीकता का प्रतीक परेड रिहर्सल के दौरान भैरव बटालियन के जवानों ने गजब का अनुशासन और शक्ति प्रदर्शन किया है। उनके चेहरे पर माँ भारती की सेवा का गर्व और आंखों में दुश्मन को मटियामेट करने का आत्मविश्वास साफ झलक रहा है। सेना के अधिकारियों के अनुसार, इस यूनिट का गठन आधुनिक युद्धनीति और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर किया गया है।
पिंक सिटी में छाएगा ऑलिव ग्रीन रंग जयपुर के लिए यह गर्व का क्षण है कि उसे सेना दिवस परेड की मेजबानी का मौका मिला है और यहीं से ‘भैरव बटालियन’ अपनी पहचान दुनिया के सामने रखेगी। जवानों की तैयारियों और उनके अदम्य साहस को देखकर हर देशवासी का सीना गर्व से चौड़ा हो रहा है।
