जयपुर | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले (Dattatreya Hosabale) ने शनिवार को जयपुर के वैशाली नगर स्थित चित्रकूट स्टेडियम में आयोजित ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि हिंदुत्व ही विश्वबंधुत्व की आधारशिला है। यदि हिंदू समाज संगठित और सशक्त रहेगा, तभी वह संपूर्ण विश्व को एकता और मानवता का मार्ग दिखा सकेगा।

‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ हमारी पहचान
सैकड़ों की संख्या में उपस्थित सकल हिंदू समाज को संबोधित करते हुए होसबोले ने कहा कि “वसुधैव कुटुम्बकम्” (पूरी धरती एक परिवार है) हिंदू जीवन दृष्टि का मूल है। दुनिया के किसी भी कोने में संकट हो, हिंदू उसे अपनी समस्या मानता है। उन्होंने भारत के इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि इस देश ने हमेशा पीड़ितों को शरण दी है, चाहे वह पारसी समाज हो या तिब्बती समुदाय।
जाति-पांति नहीं, सामाजिक समरसता जरूरी
सरकार्यवाह ने सामाजिक समरसता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जाति-पांति और छुआछूत हिंदू समाज की पहचान नहीं है। भगवान श्रीराम द्वारा केवट को भाई कहकर गले लगाना हमारी संस्कृति का आदर्श है। उन्होंने आह्वान किया कि हिंदू समाज किसी को दबाने के लिए नहीं, बल्कि खुद को सशक्त रखने के लिए संगठित हो।
परिवार बचेगा तो भारत बचेगा
पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव के बीच उन्होंने भारतीय परिवार व्यवस्था को राष्ट्र की नींव बताया। उन्होंने नारा दिया, “परिवार बचेगा तो भारत बचेगा।” उन्होंने उपस्थित लोगों से कुटुंब में मधुर संबंध और जीवन मूल्यों की रक्षा करने का आग्रह किया। साथ ही ‘नमस्ते’ का अर्थ समझाते हुए कहा कि यह एक व्यक्ति के भीतर के ईश्वर द्वारा दूसरे के भीतर के ईश्वर को प्रणाम करना है।
700 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत 700 से अधिक महिलाओं (मातृशक्ति) द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा से हुई, जो सामाजिक समरसता का प्रतीक बनी। आयोजन में प्रसिद्ध भजन सम्राट प्रकाश माली ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति और राममय बना दिया।
‘पंच परिवर्तन’ का संदेश
सम्मेलन में ‘पंच परिवर्तन’—सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक शिष्टाचार—विषयों पर विशेष झांकियां और प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजन समिति ने बताया कि पिछले 10 दिनों से वाहन रैलियों और प्रभात फेरियों के जरिए जनसंपर्क किया जा रहा था, जिसका परिणाम स्टेडियम में उमड़ी 2000 से अधिक लोगों की भीड़ के रूप में दिखा।
