रामगंजमंडी में पेयजल संकट को लेकर मटकी फोड़ किया प्रदर्शन,5 दिनों से पेयजल आपूर्ति थी ठप

Ravi Mehar

रामगंजमंडी। रामगंजमंडी नगरपालिक के वार्ड नम्बर 37 में पिछले पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप रहने से आक्रोशित महिलाओं ने मंगलवार को जलदाय विभाग कार्यालय पर मटकी फोड़ प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस पदाधिकारियों के नेतृत्व में महिलाएं जलदाय विभाग पहुंची और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान महिलाओं ने सहायक अभियंता बच्चू सिंह मीणा को खरी-खोटी सुनाई और मटकियाँ फोड़कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान विभागीय अभियंता ने वार्ड में शाम तक पानी सप्लाई शुरू करने और बुधवार से नियमित आपूर्ति देने का आश्वासन दिया।

नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल ने कहा की जलदाय विभाग जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह से संवेदनहीन हो चुका है। पांच दिन से वार्ड की महिलाएं पानी की बूंद-बूंद को तरस रही हैं पर विभाग के अधिकारी फाइलों और कमिशनखोरी में उलझे हुए हैं। यह विभाग भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है। हमने विभागीय भ्रष्टाचार के ठोस सबूत जुटा लिए हैं। इन सभी सबूतों को हम जल्द ही सार्वजनिक करेंगे ताकि जनता जान सके कि उसके पैसों का दुरुपयोग किस तरह हो रहा है। अगर विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली नहीं सुधारी तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।

पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय गौतम ने कहा कि विभाग की लापरवाही यह है कि नई बनी सीसी सड़कों को खोदकर दोबारा पाइपलाइन डाली जा रही है। जिससे जनता को असुविधा के साथ राजस्व नुक़सान भी हो रहा है।

पूर्व पालिका उपाध्यक्ष रमेश मीना (गुडू) ने कहा कि मारुति नगर में पिछले दो माह से वार्डवासी कीचड़युक्त पानी पीने को मजबूर हैं। विभाग ने वार्ड में जो नई पाइपलाइन डाली है उसमें लीकेज है, लेकिन वह लीकेज अभी तक ठीक नहीं हुई। रोसली रोड पर डाल दिए गए पाइपलाइन के जॉइंट भी अधूरे पड़े हैं, जिससे यहां के लोग परेशान हैं। विभाग के अधिकारी हर बार आस्वाशन देकर वार्डवासियों को गुमराह कर रहा है।

सहायक अभियंता बच्चू सिंह मीणा ने कहा की आने वाले सात दिनों में सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। इस दौरान प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि यदि सात दिनों में समस्या का स्थायी रूप से समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस व स्थानीय नागरिक व्यापक धरना-प्रदर्शन करेंगे।

Live Sach – तेज़, भरोसेमंद हिंदी समाचार। आज की राजनीति, राजस्थान से ब्रेकिंग न्यूज़, मनोरंजन, खेल और भारतदुनिया की हर बड़ी खबर, सबसे पहले आपके मोबाइल पर पढ़ें! English News

Share This Article